Karmabhoomi Express Fire : पंजाब में कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार कोच में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

पंजाब। पंजाब के राजपुरा के पास कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। अमृतसर जा रही ट्रेन संख्या 12508 में शुक्रवार दोपहर करीब 1:10 बजे आग लगने की घटना सामने आई। आग की चपेट में ट्रेन के चार कोच आने की जानकारी है। घटना के बाद ट्रेन को रोककर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मौके पर पहुंची टीमों ने आग पर काबू पा लिया।
अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही थी ट्रेन
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12508 अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी कर्मभूमि एक्सप्रेस दोपहर करीब 12:58 बजे साधुगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। इसके कुछ समय बाद राजपुरा के पास सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के नजदीक इंजन से पांचवें कोच में आग दिखाई दी। देखते ही देखते आग आसपास के अन्य डिब्बों तक फैल गई।
यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया, जांच के आदेश
कोचों से धुआं और आग की लपटें उठती देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन रुकने के बाद यात्री बाहर निकल आए। रेलवे अधिकारियों, पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अब तक किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक रिपोर्टों में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, हालांकि रेलवे ने आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। प्रभावित कोचों को हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।



