महादेव बेटिंग एप मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी; कई सट्टेबाजी पैनल बंद

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद जांच तेज, मोबाइल, डिजिटल उपकरण और अहम दस्तावेज जब्त; म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क की भी पड़ताल
महादेव ऑनलाइन बेटिंग एप से जुड़े कथित घोटाले की जांच में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने देश के छह राज्यों में एक साथ 33 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ और उससे मिली जानकारी के आधार पर की गई। छापेमारी के दौरान कई स्थानों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल सक्रिय मिले, जिन्हें तत्काल बंद कराया गया। जांच टीम ने मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
छह राज्यों में फैला था सट्टेबाजी का नेटवर्क
जांच एजेंसी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से मामला सीबीआई को सौंपे जाने के बाद इस प्रकरण में दो एफआईआर दर्ज की गई थीं। जांच में सामने आया कि बेटिंग प्लेटफॉर्म का संचालन विदेश स्थित मुख्य कार्यालय से किया जा रहा था, जबकि भारत में इसका नेटवर्क पैनल ऑपरेटरों के माध्यम से फैलाया गया था।
ये ऑपरेटर ग्राहकों को बेटिंग आईडी उपलब्ध कराने और उनके खातों का प्रबंधन करने का काम करते थे। सीबीआई को इस पूरे नेटवर्क में म्यूल बैंक खातों और हवाला के जरिए पैसों के लेनदेन से जुड़े अहम सुराग भी मिले हैं।
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद तेज हुई जांच
सीबीआई ने मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को 12 नवंबर को विशेष अदालत में पेश किया था। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में रायपुर केंद्रीय जेल भेजने का आदेश दिया था।
इसके बाद 13 नवंबर को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी सौरभ चंद्राकर को पीएमएलए की विशेष अदालत में पेश किया। लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने ईडी को सात दिनों की रिमांड मंजूर की। इस दौरान एजेंसी आरोपी से कथित वित्तीय लेनदेन, सट्टेबाजी नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है।
ओमान से भारत लाया गया था सौरभ चंद्राकर
महादेव बेटिंग एप मामले के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर को 1 नवंबर 2026 को ओमान से भारत लाया गया था। इससे पहले मस्कट स्थित कोर्ट ऑफ अपील ने 8 अक्टूबर 2026 को उसके प्रत्यर्पण का आदेश दिया था।
जांच एजेंसियों के अनुसार, सौरभ पर भारतीय पासपोर्ट होने के बावजूद वानुआतु का पासपोर्ट हासिल करने का भी आरोप है। अब एजेंसियां उसके विदेश में बनाए गए संपर्कों, आर्थिक लेनदेन और कथित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।
हवाला और बैंक खातों के जरिए लेनदेन की जांच
महादेव बेटिंग एप से जुड़े कथित अवैध कारोबार में म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल की जांच भी तेज कर दी गई है। सीबीआई और ईडी अब जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों, दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी हैं।





