छत्तीसगढ़

15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, कलेक्टर गौरव सिंह ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश

Advertisement
Advertisement Carousel

रायपुर जिले के सभी खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए पेयजल, छाया, बैठने और बारदाने की होगी व्यवस्था; सुबह 9:30 से शाम 5:30 बजे तक होगी खरीदी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा के अनुरूप जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने जा रही है। खरीदी प्रक्रिया को सुचारू और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए रहेंगी जरूरी सुविधाएं

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में मॉइस्चर मशीन, पर्याप्त बारदाना, पेयजल, छाया और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप किसानों को धान बेचने के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सुबह 9:30 से शाम 5:30 बजे तक होगी खरीदी

कलेक्टर ने बताया कि प्रत्येक धान खरीदी केंद्र में सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक धान खरीदी की जाएगी। इस दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान की तौल और अन्य प्रक्रियाएं सुगमता से पूरी हों तथा किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

किसानों के लिए बेहतर वातावरण बनाने के निर्देश

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि धान खरीदी किसानों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इसे किसानों के साथ त्योहार की तरह मनाते हुए सभी केंद्रों में सुविधाजनक और बेहतर वातावरण तैयार किया जाए। उन्होंने खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और सभी आवश्यक इंतजाम समय पर पूरे करने पर जोर दिया।

नोडल अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

बैठक में धान खरीदी के सुचारू संचालन के लिए सभी नोडल अधिकारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने और खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।

बैठक में एडीएम उमाशंकर बंदे, आरटीओ आशीष देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button