PPO नंबर अपडेट कराने का झांसा देकर रेलवे कर्मचारी से 7.49 लाख की ऑनलाइन ठगी

DRM कार्यालय का कर्मचारी बनकर किया फोन, HRMS ऐप और बैंक लिंक डाउनलोड करवाकर खाते से उड़ाए 7,49,783 रुपये
रायपुर। राजधानी रायपुर में रेलवे कर्मचारी को पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO) नंबर रिवाइज कराने का झांसा देकर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने कर्मचारी के बैंक खाते से 7 लाख 49 हजार 783 रुपये निकाल लिए। शिकायत के बाद डीडी नगर पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
DRM कार्यालय का कर्मचारी बनकर किया फोन
पुलिस के मुताबिक, विकास विहार कॉलोनी, रायपुरा निवासी श्रद्धा जोल्दे (52) ने शनिवार रात थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर की आधी रात उनके पति राजू जोल्दे के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था।
फोन करने वाले ने खुद को DRM कार्यालय का कर्मचारी बताते हुए कहा कि रेलवे कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के एक साल बाद अपना PPO नंबर रिवाइज कराना होता है। उसकी बातों में आकर राजू जोल्दे ने बताए गए निर्देशों का पालन किया।
HRMS ऐप और बैंक लिंक डाउनलोड करवाकर की ठगी
आरोपी ने राजू जोल्दे के मोबाइल में रेलवे का HRMS ऐप और बैंक ऑफ बड़ौदा से जुड़ा एक लिंक डाउनलोड करवाया। इसके कुछ ही समय बाद उनके बैंक खाते से ऑनलाइन 7,49,783 रुपये ट्रांसफर हो गए।
मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच में जुटी पुलिस
खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद श्रद्धा जोल्दे ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस अब कॉल करने वाले मोबाइल नंबर और जिन बैंक खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी जुटा रही है। मामले की जांच जारी है।





