रायगढ़ में 9 लाख की बड़ी चोरी

घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने गहने, कैश और आईफोन उड़ाया
रायगढ़ । जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर ने घर का ताला तोड़कर करीब 9 लाख रुपए के गहने, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना तब हुई जब घर के मालिक पारिवारिक विवाद के चलते मायके चले गए थे और मकान कई दिनों से बंद था।
विवाद के बाद बंद रहा घर
जानकारी के अनुसार, मधुबन पारा, पूछापारा तालाब के सामने रहने वाली आरजू बानो (35 वर्ष) का 28 अगस्त की रात पति शाहनवाज मल्लिक का अपने भाई के साथ विवाद हो गया था। विवाद के बाद आरजू बानो ने घर में ताला लगाकर अपने पति और बच्चों के साथ मायके जिंदल पतरापाली चली गईं। इस दौरान घर पूरी तरह बंद रहा।
लौटने पर चोरी का खुलासा
21 सितंबर की शाम को आरजू अपने भाई एजाज खान के साथ घर लौटीं। उन्होंने देखा कि घर पर लगाया गया पुराना ताला गायब है और उसकी जगह दूसरा ताला लगा हुआ है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार भी काट दिए गए थे।
शक होने पर ताला तोड़कर जब घर के अंदर प्रवेश किया गया तो सारा सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ पाया गया। जांच करने पर पता चला कि—
सोने का हार
सोने की अंगूठी
सोने का कान का सेट
आईफोन
कैश 2 लाख रुपए
मिलाकर कुल लगभग 9 लाख रुपए का सामान चोरी हो गया है।
पुलिस की कार्रवाई
आरजू बानो ने तुरंत मामले की जानकारी कोतवाली थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच और संदिग्धों की तलाश कर रही है। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों तक पहुँचने का प्रयास किया जा रहा है।












