Uncategorised

दीपावली पर रायगढ़ प्रशासन सतर्क, 70 से अधिक पटाखा दुकानों के लिए जारी हुई सुरक्षा एडवाइजरी

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

दीपावली त्योहार के नजदीक आते ही रायगढ़ जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बरती है। हर साल की तरह इस बार भी जिले में एक ही स्थान पर 70 से अधिक पटाखा दुकानें संचालित की जाएंगी, लेकिन हादसों की संभावनाओं को देखते हुए प्रशासन ने विशेष एडवाइजरी जारी की है।

जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी ब्लासियुज कुजूर ने बताया कि पटाखा दुकानें किसी भी ज्वलनशील पदार्थ जैसे कपड़ा, बांस, रस्सी या टेंट से नहीं बनाई जाएं, बल्कि इन्हें अज्वलनशील सामग्री से बने टिन शेड में तैयार किया जाए। साथ ही, प्रत्येक दुकान के बीच कम से कम तीन मीटर की दूरी होनी चाहिए और वे एक-दूसरे के सामने न लगाई जाएं।

रोशनी के लिए तेल या गैस लैम्प तथा खुली बिजली बत्ती का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पटाखा दुकानों से 50 मीटर की परिधि में आतिशबाज़ी नहीं की जा सकेगी। वहीं, बिजली के तारों में कोई खुला जोड़ नहीं होना चाहिए और सभी मास्टर स्विच में फ्यूज या सर्किट ब्रेकर लगाए जाने अनिवार्य हैं ताकि शॉर्ट सर्किट की स्थिति में तुरंत बिजली प्रवाह बंद हो सके।

सुरक्षा के मद्देनज़र प्रत्येक दुकान में 5 किलो ग्राम क्षमता वाला डीसीपी अग्निशामक यंत्र, 200 लीटर पानी से भरे ड्रम और रेत से भरी बाल्टियाँ रखी जानी चाहिए। पटाखा दुकानों के आसपास बाइक या कार पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि अग्निशमन विभाग और एम्बुलेंस के संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएं। वहीं, शाम 7 से 10 बजे के बीच अग्निशमन वाहन स्टैंडबाय ड्यूटी पर रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन ने सभी व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए दीपावली का त्योहार सुरक्षित और खुशियों भरा मनाएं।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button