छत्तीसगढ़

सियासत के सजग शिल्पी कृष्णकुमार गुप्ता का जन्मोत्सव 9 को,एक मंच पर दिखेगी कांग्रेस की शीर्ष नेतृत्व श्रृंखला

Advertisement
Advertisement
Advertisement

केके गुप्ता के 82वें बसंत पर सजेगा सियासत का विराट मंच

रायगढ़। मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ की राजनीति के वरिष्ठ,अनुभवी और दूरदर्शी नेताओं में शुमार भूतपूर्व कैबिनेट मंत्री कृष्णकुमार गुप्ता आगामी 9 अगस्त को अपने जीवन के 82वें बसंत पूर्ण करेंगे। जनसेवा,संगठन क्षमता और राजनीतिक सूझबूझ की लंबी यात्रा तय कर चुके श्री गुप्ता के सम्मान में उनके ट्रांसपोर्ट नगर स्थित राइस मिल परिसर में एक सादा किंतु गरिमामय जन्मदिवस समारोह का आयोजन किया गया है। राजनीतिक हलकों में इस आयोजन को कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व के बड़े समागम के रूप में देखा जा रहा है।

समारोह की अध्यक्षता पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल करेंगे।कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए कृष्णकुमार गुप्ता के सुपुत्र एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण गुप्ता ने बताया कि भूतपूर्व केंद्रीय मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष एवं सक्ती विधायक डॉ. चरणदास महंत मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे।इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत,पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल,पूर्व मंत्री नोबेल वर्मा, धरमजयगढ़ विधायक लालजीत सिंह राठिया, सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े,लैलूंगा विधायक श्रीमती विद्यावती सिदार,चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, सरसींवा विधायक कविता प्राण लहरे,विधायक बालेश्वर साहू, भूतपूर्व सांसद श्रीमती पुष्पा देवी, श्रीमती मेनका सिंह,जगदीश मेहर पूर्व विधायक श्रीमती पद्मा मनहर,चंद्रदेव राय, प्रकाश नायक,चक्रधर सिदार, हृदयराम राठिया सहित रायगढ़ जिला कांग्रेस के अध्यक्षद्वय शाखा यादव एवं नगेन्द्र नेगी समेत कांग्रेस संगठन के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

करीब तीन घंटे तक चलने वाले इस समारोह को केवल जन्मदिवस आयोजन नहीं,बल्कि कृष्णकुमार गुप्ता के पांच दशक से अधिक लंबे राजनीतिक जीवन,संगठन के प्रति समर्पण,सर्वस्वीकार्य नेतृत्व और सियासी परिपक्वता के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। मध्यप्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ तक कांग्रेस की राजनीति में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले श्री गुप्ता ने सत्ता और संगठन—दोनों स्तरों पर अपनी प्रभावशाली भूमिका निभाई है। आज भी वे अपने अनुभव, संतुलित नेतृत्व और राजनीतिक मार्गदर्शन के कारण कांग्रेस के वरिष्ठतम नेताओं में सम्मानपूर्वक याद किए जाते हैं।

जिला कांग्रेस के कोषाध्यक्ष एवं कृष्णकुमार गुप्ता के सुपौत्र मोहनलाल गुप्ता ने समस्त कांग्रेस पदाधिकारियों,कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों से इस गरिमामय आयोजन में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर वरिष्ठ नेता का अभिनंदन करने तथा आयोजन को सफल बनाने का विनम्र आग्रह किया है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button