ठेकेदार के सूने मकान से 10 लाख रुपये नकद और महंगी स्कॉच चोरी, CCTV में कपड़ा बांधे संदिग्ध दिखा

रायगढ़। शहर में एक ठेकेदार के सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर अलमारी में रखे करीब 10 लाख रुपये नकद और दोस्त की ओर से गिफ्ट में मिली महंगी स्कॉच की बोतल चोरी कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पति-पत्नी झारसुगुड़ा गए थे, पीछे से हुई चोरी
जानकारी के अनुसार ढिमरापुर स्थित वृंदावन कॉलोनी निवासी आनंद कुमार सिंघानिया एनटीपीसी लारा प्लांट में ठेकेदार के रूप में काम करते हैं। बताया गया कि रविवार को वह अपनी पत्नी के साथ किसी काम से झारसुगुड़ा गए थे। दोनों सोमवार को भी वहीं रुके हुए थे।
इसी दौरान मंगलवार सुबह उनके रसोइए ने फोन कर घर का ताला टूटे होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही आनंद कुमार घर पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो मकान का सामान अस्त-व्यस्त था और अलमारी में रखे करीब 10 लाख रुपये नकद गायब थे।
नकदी के साथ महंगी स्कॉच भी ले गए चोर
चोरों ने केवल नकदी ही नहीं चुराई, बल्कि दोस्त की ओर से गिफ्ट में मिली महंगी स्कॉच की बोतल भी अपने साथ ले गए। घर में सामान बिखरा हुआ मिला। चोरी की जानकारी मिलते ही मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी।
डॉग स्क्वाड के साथ पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी और डॉग स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मकान के अंदर और आसपास के क्षेत्र की जांच की। इसके साथ ही आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की गई।
पुलिस ने मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए नजर आ रहा है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी है।
केयरटेकर भी उसी दिन गया था घर से
मकान मालिक के अनुसार जिस दिन वह अपनी पत्नी के साथ झारसुगुड़ा गए थे, उसी दिन उनका केयरटेकर भी घर से चला गया था। मंगलवार को केयरटेकर वापस लौटा, जिसके बाद घर में चोरी की जानकारी सामने आई।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य सुरागों के आधार पर चोर तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।






