मुंगेली को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की 465 करोड़ की सौगात, 77 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

68 करोड़ से अधिक के 24 कार्यों का लोकार्पण, 397 करोड़ रुपये से ज्यादा के 53 कार्यों का भूमिपूजन; सड़क, पेयजल और सिंचाई सुविधाओं का होगा विस्तार
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में जिलेवासियों को 465 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक के 77 विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 68 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूर्ण हुए 24 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं, 397 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 53 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से जिले में सड़क, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।
गांवों की खुशहाली और किसानों की समृद्धि सरकार का संकल्प
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि गांवों की खुशहाली, किसानों की समृद्धि और प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना राज्य सरकार का प्रमुख संकल्प है। विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। किसी भी क्षेत्र का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब गांव मजबूत हों, किसानों को बेहतर संसाधन मिलें और युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों।
143 करोड़ की लागत से 25 सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुंगेली जिले में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कड़ी में करीब 143 करोड़ रुपये की लागत वाले 25 सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होगा। किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं हैं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के नए अवसरों का रास्ता भी खोलती हैं।
अमृत मिशन 2.0 से मजबूत होगी पेयजल व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत 203 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन किया गया है। इस परियोजना से क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और नागरिकों को बेहतर जल सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
11 सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण, किसानों को मिलेगा लाभ
कार्यक्रम में जल संसाधन विभाग के 40 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 11 कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। इन परियोजनाओं से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को कृषि उत्पादन बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए सिंचाई संसाधनों के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से किसानों की वर्षा पर निर्भरता कम होगी। इससे खरीफ के साथ रबी और अन्य फसलों की खेती के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही फसल विविधीकरण को प्रोत्साहन मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।





