रक्षाबंधन से पहले माताओं-बहनों को मुख्यमंत्री की सौगात, 67.28 लाख महिलाओं के खातों में पहुंची 631 करोड़ से अधिक की राशि

रायपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले छत्तीसगढ़ की लाखों माताओं-बहनों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ी सौगात दी। बालोद जिले के डौंडीलोहारा में आयोजित महतारी वंदन सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 67 लाख 28 हजार 918 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की।
631 करोड़ 38 लाख रुपये से अधिक की राशि अंतरित
मुख्यमंत्री ने कुल ₹631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 की राशि हितग्राहियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी। रक्षाबंधन से ठीक पहले मिली इस आर्थिक सहायता से महिलाओं के त्योहार की खुशियों में इजाफा हुआ।
महिलाओं के सम्मान और स्वावलंबन का माध्यम बनी योजना
डौंडीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश की माताओं-बहनों के चेहरे की मुस्कान, उनका आत्मविश्वास और उनका आशीर्वाद सरकार की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने महिलाओं को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के सम्मान, आत्मविश्वास और स्वावलंबन को मजबूत करने का माध्यम बन रही है।
बालोद की 2.45 लाख महिलाओं को भी मिला लाभ
योजना की इस किस्त के तहत बालोद जिले के 2 लाख 45 हजार 28 हितग्राहियों समेत प्रदेशभर की पात्र महिलाओं के आधार-लिंक बैंक खातों में राशि पहुंचाई गई। सरकार के अनुसार, नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं को अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ परिवार के खर्चों में सहयोग देने का अवसर मिल रहा है।






