राजस्व मंत्री के तीज मिलन समारोह में पहुंचे CM साय, माताओं-बहनों से की मुलाकात

मुख्यमंत्री ने कहा- छत्तीसगढ़ की परंपराओं में मातृशक्ति का विशेष स्थान, सम्मान और सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के निवास पर आयोजित तीज मिलन समारोह में शामिल हुए। पारंपरिक माहौल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में मौजूद माताओं और बहनों से मुलाकात की तथा उन्हें तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं।
तीज को बताया संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों से जुड़ा पर्व
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तीज छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना से जुड़े इस पर्व में परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाती है।
उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती से प्रदेश की सभी माताओं-बहनों और उनके परिवारों के सुखी, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की प्रार्थना की।
मातृशक्ति का सम्मान सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं में मातृशक्ति का विशेष स्थान रहा है। माताओं और बहनों का सम्मान, सुरक्षा तथा आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि तीज का पर्व भले ही बीत चुका है, लेकिन बड़ी संख्या में माताओं-बहनों के बीच तीज मिलन का यह आयोजन आत्मीयता और खुशी का अवसर है।
परंपराएं समाज और परिवार को जोड़ती हैं
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री निवास में आयोजित तीज कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वहां भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई बहनों के साथ तीज पर्व का उल्लास साझा करने का अवसर मिला था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की परंपराओं की खूबसूरती यही है कि वे लोगों को परिवार और समाज से जोड़ती हैं। ऐसे पर्व आपसी प्रेम, अपनत्व और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करते हैं।






