छत्तीसगढ़रायगढ़

कानून व्यवस्था को लेकर कलेक्टर-एसएसपी सख्त, अवैध पार्किंग और नशे के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश

Advertisement

रायगढ़। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने मंगलवार को जिले में कानून व्यवस्था की समीक्षा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुबह 11 बजे आयोजित बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, अवैध पार्किंग, ब्लैक स्पॉट, नशे के विरुद्ध कार्रवाई तथा आगामी त्योहारों और बड़े आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में राजस्व, पुलिस सहित संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

हॉटस्पॉट क्षेत्रों में कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने शहरी क्षेत्र के प्रमुख हॉटस्पॉट स्थानों पर नियमित अभियान चलाकर कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर नशीले पदार्थों और तंबाकू उत्पादों के अवैध उपयोग एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित विभाग लगातार निगरानी रखें।

कलेक्टर ने विशेष रूप से स्कूल एवं महाविद्यालयों के आसपास निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि युवा वर्ग को नशे और तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।

अवैध पार्किंग पर लगातार कार्रवाई

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर कलेक्टर ने सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग पर लगातार कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे स्थानों को चिन्हांकित कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए, जहां वाहनों की अनियमित पार्किंग के कारण दुर्घटना या यातायात बाधित होने की संभावना रहती है।

इसके साथ ही जिले के ब्लैक स्पॉट की पहचान, सड़क सुरक्षा ऑडिट और आवश्यक सुधारात्मक कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।

चक्रधर समारोह को लेकर पहले से तैयार होगी यातायात व्यवस्था

बैठक में जिला मुख्यालय रायगढ़ में आयोजित होने वाले दस दिवसीय चक्रधर समारोह एवं कुश्ती प्रतियोगिता की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष चर्चा हुई।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आयोजन से पहले ही विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए।

आम लोगों को न हो परेशानी

कलेक्टर ने कहा कि बड़े आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए। पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था, प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रण और भीड़ वाले स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं, ताकि आयोजन के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने भी कानून व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े मामलों में विभागीय समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। आगामी त्योहारों और बड़े आयोजनों को देखते हुए पुलिस एवं संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button