जनदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीन जरूरतमंदों को दी 55 हजार की आर्थिक सहायता

7 वर्षीय आवान की थेरेपी के लिए मिले 40 हजार रुपए, पेट की बीमारी से पीड़ित ज्ञानेश को 10 हजार और 70 वर्षीय नरसिंह सोलंकी को 5 हजार रुपए की मदद
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन के दौरान उपचार के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे तीन जरूरतमंदों को कुल 55 हजार रुपए की मदद दी। मुख्यमंत्री ने संबंधित परिवारों की आर्थिक परेशानियों को सुनते हुए तत्काल सहायता राशि के चेक प्रदान किए, जिससे उन्हें इलाज कराने में राहत मिल सकेगी।
ऑटिज्म से प्रभावित 7 वर्षीय आवान की थेरेपी के लिए 40 हजार रुपए
रायपुर निवासी मोहम्मद आरिफ अपने सात वर्षीय बेटे मोहम्मद आवान के उपचार के लिए आर्थिक सहायता मांगने जनदर्शन में पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका बेटा ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से प्रभावित है। उसकी नियमित थेरेपी पर हर महीने करीब 40 हजार रुपए खर्च होते हैं।
आरिफ ने बताया कि दुर्घटना में चोटिल होने के बाद उनके पास फिलहाल रोजगार का कोई साधन नहीं है। ऐसे में परिवार का खर्च चलाने के साथ बेटे की नियमित थेरेपी का खर्च उठाना मुश्किल हो गया है।
उनकी परेशानी सुनकर मुख्यमंत्री ने आवान की थेरेपी के लिए तत्काल 40 हजार रुपए का चेक प्रदान किया। साथ ही उसके बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ज्ञानेश कुमार साहू को उपचार के लिए मिले 10 हजार रुपए
पाटन से जनदर्शन में पहुंचे ज्ञानेश कुमार साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पेट संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके लिए उपचार कराना मुश्किल हो रहा है। उनकी समस्या सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने इलाज के लिए 10 हजार रुपए की सहायता राशि का चेक सौंपा।
70 वर्षीय नरसिंह सोलंकी के इलाज के लिए 5 हजार की मदद
रायपुर के फूल चौक निवासी 70 वर्षीय नरसिंह सोलंकी के उपचार के लिए भी मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने उनकी बेटी ऋषिका सोलंकी को 5 हजार रुपए की सहायता राशि का चेक सौंपा।
जनदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा तीन जरूरतमंद परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने से उन्हें उपचार संबंधी खर्चों में राहत मिली है। जनदर्शन के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखने और उनके त्वरित निराकरण का अवसर मिल रहा है।





