रायगढ़

नवा रायपुर में खुलेगा NMIMS का अत्याधुनिक कैंपस, 40 एकड़ में होगा विकास

Advertisement

नवा रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा, कौशल विकास और ज्ञान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल जुड़ गई है। देश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) अब नवा रायपुर अटल नगर में अपना कैंपस स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में संस्थान के लिए लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

युवाओं को प्रदेश में ही मिलेंगे बेहतर अवसर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक उच्च शिक्षा के लिए बड़े महानगरों का रुख न करना पड़े। प्रदेश में ही प्रतिष्ठित संस्थानों जैसी शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि NMIMS की स्थापना इसी संकल्प की महत्वपूर्ण कड़ी है।

40 एकड़ में विकसित होगा अत्याधुनिक कैंपस

नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-18 में करीब 40 एकड़ भूमि पर NMIMS का आधुनिक कैंपस विकसित किया जाएगा। संस्थान का संचालन करने वाले श्री विले पार्ले केलवणी मंडल (SVKM) को यह भूमि 90 वर्षों की लीज पर दी गई है। राज्य मंत्रिपरिषद ने 21 जनवरी 2026 को संस्थान के लिए भूमि आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।

दो से तीन साल में शुरू हो सकता है पहला बैच

संस्थान की स्थापना की पूरी प्रक्रिया आगामी सात वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि, विद्यार्थियों को इसका लाभ इससे पहले मिलने की उम्मीद है। दो से तीन वर्षों के भीतर पहला शैक्षणिक बैच शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। पूर्ण रूप से विकसित होने के बाद कैंपस में करीब 10 हजार विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे।

उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ेगी छत्तीसगढ़ की पहचान

NMIMS जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के नवा रायपुर में आने से प्रदेश में उच्च शिक्षा के नए अवसर पैदा होने के साथ कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों को देश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों के अनुरूप शिक्षा और प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर प्रदेश में ही मिल सकेगा।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, आवास एवं पर्यावरण सचिव अंकित आनंद तथा नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button