अंबिकापुर में 19-20 सितंबर को होगा ‘अग्र महाकुंभ-2026’, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे शुभारंभ

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा आयोजित “अग्र महाकुंभ–2026” प्रांतीय अधिवेशन एवं दशम अग्र अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन आगामी 19 एवं 20 सितंबर 2026 को अंबिकापुर में किया जाएगा।
आयोजन के 19 सितंबर को होने वाले उद्घाटन सत्र का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। कार्यक्रम को लेकर अग्रवाल समाज में उत्साह का माहौल है और आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
दो दिवसीय इस आयोजन में प्रदेशभर से अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान सामाजिक एकजुटता, समाजहित के विभिन्न विषयों तथा संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वहीं, दशम अग्र अलंकरण समारोह में समाज और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं एवं व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, ‘अग्र महाकुंभ–2026’ अग्रवाल समाज के लिए प्रदेश स्तर का महत्वपूर्ण आयोजन होगा, जो सामाजिक सहभागिता और एकजुटता को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगा।






