त्योहारी सीजन में ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान, उत्कल 6 तो आजाद हिंद एक्सप्रेस 5 घंटे देरी से पहुंची

निर्माण कार्यों का असर यात्री ट्रेनों पर, अप-डाउन दोनों दिशाओं की कई ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंचीं
रायगढ़। त्योहारी सीजन शुरू होते ही ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है, लेकिन दूसरी ओर यात्री ट्रेनों के परिचालन में देरी की समस्या बनी हुई है। मंगलवार को रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली कई ट्रेनें निर्धारित समय से काफी देर से पहुंचीं। इससे यात्रियों को स्टेशन पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
सबसे ज्यादा देरी से पहुंचने वाली ट्रेनों में पुरी-ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस करीब 6 घंटे और हावड़ा-मुंबई आजाद हिंद एक्सप्रेस करीब 5 घंटे विलंब से रायगढ़ पहुंची।
अलग-अलग रेल कार्यों का ट्रेनों की रफ्तार पर असर
लंबे समय से अलग-अलग रेलवे स्टेशनों और रेलखंडों में निर्माण एवं अन्य कार्य चल रहे हैं। इसका असर यात्री ट्रेनों के परिचालन पर पड़ रहा है। कई ट्रेनों को उनके प्रारंभिक या बीच के स्टेशनों से ही विलंब से रवाना किया जा रहा है, जिसके कारण आगे के स्टेशनों तक पहुंचने में भी देरी हो रही है।
इसका असर अप और डाउन दोनों दिशाओं में देखने को मिल रहा है। त्योहारी सीजन में यात्रियों की आवाजाही बढ़ने के कारण परेशानी और अधिक बढ़ गई है। यात्रियों का कहना है कि आने वाले दिनों में लगातार त्योहारों के चलते ट्रेनों में भीड़ बनी रहने की संभावना है। ऐसे में लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन में सुधार नहीं हुआ तो यात्रियों को अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ सकती है।
उत्कल एक्सप्रेस करीब 6 घंटे लेट
मंगलवार को अप दिशा की कई प्रमुख ट्रेनें काफी विलंब से रायगढ़ पहुंचीं। पुरी-ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस का रायगढ़ पहुंचने का निर्धारित समय सुबह करीब 11:30 बजे बताया गया है, लेकिन ट्रेन लगभग 6 घंटे की देरी से शाम करीब 5 बजे स्टेशन पहुंची।
इसी तरह हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस करीब 3 घंटे विलंब से सुबह 11:30 बजे पहुंची। हावड़ा-मुंबई आजाद हिंद एक्सप्रेस लगभग 5 घंटे की देरी के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे रायगढ़ पहुंची।
अन्य ट्रेनों के समय में भी बदलाव
बिलासपुर एक्सप्रेस का निर्धारित समय रात करीब 3:30 बजे था, लेकिन यह ट्रेन सुबह करीब 5:30 बजे रायगढ़ पहुंची। वहीं मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस रात 11:43 बजे के निर्धारित समय के बजाय सुबह करीब 4:45 बजे पहुंची।
हावड़ा-मुंबई गीतांजलि एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे की देरी से रायगढ़ पहुंची। इसके अलावा आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस लगभग एक घंटे विलंब से पहुंची।
डाउन दिशा की ट्रेनें भी हुईं प्रभावित
रायगढ़ स्टेशन पर डाउन दिशा से आने वाली ट्रेनों के परिचालन पर भी देरी का असर देखने को मिला। दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस करीब एक घंटे और ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस लगभग तीन घंटे विलंब से रायगढ़ पहुंची।
ट्रेनों के लगातार देरी से पहुंचने के कारण मंगलवार सुबह से ही रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बनी रही। हालांकि डाउन दिशा की कुछ ट्रेनें अपेक्षाकृत कम देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को उतनी परेशानी नहीं हुई, लेकिन अप दिशा की कई लंबी दूरी की ट्रेनें घंटों देर से आने के कारण यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।






