Raigarh Murder Case : सिलबट्टे से युवक की हत्या, पुलिस डॉग रूबी की मदद से आरोपी गिरफ्तार

लैलूंगा थाना क्षेत्र का मामला, शराब पीने के दौरान विवाद के बाद हत्या करने का आरोपी ने किया खुलासा
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम भकुर्रा आवासपारा में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घर की परछी में मिला था युवक का शव
जानकारी के अनुसार, ग्राम भकुर्रा आवासपारा निवासी गोरखनाथ चौहान (65 वर्ष) ने रविवार रात लैलूंगा थाना में सूचना दी कि उसका बेटा रामनाथ उर्फ सोनू चौहान (23 वर्ष) का शव घर की परछी में पड़ा हुआ है।
मृतक के सिर और गर्दन पर सिलबट्टा रखा हुआ था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस डॉग रूबी ने आरोपी तक पहुंचाया
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से आरोपी का गमछा मिला, जिसे जब्त कर साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद डॉग स्क्वायड की मदद ली गई।
डॉग मास्टर वीरेंद्र अनंत के नेतृत्व में पुलिस डॉग रूबी को घटनास्थल से मिले सुराग के आधार पर जांच के लिए लगाया गया। रूबी ने मृतक के मित्र भुवनेश्वर यादव तक पहुंचकर महत्वपूर्ण संकेत दिए।
संदेह के आधार पर पुलिस ने भुवनेश्वर यादव (26 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
शराब पीने के विवाद में की हत्या
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह और रामनाथ उर्फ सोनू साथ बैठकर खाना खा रहे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान शराब पीने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर में रखे भारी सिलबट्टे से रामनाथ के सिर और गर्दन पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने आरोपी भुवनेश्वर यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
SSP ने पुलिस टीम और डॉग स्क्वायड की सराहना की
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस गंभीर अपराधों की वैज्ञानिक और साक्ष्य आधारित विवेचना कर आरोपियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने लैलूंगा पुलिस और डॉग स्क्वायड की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि टीम की मेहनत से हत्या के आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सका।








