‘सुशासन तिहार’ के नाम पर साय सरकार का जनसमुदाय से छलावा: तारेन्द्र डनसेना

खरसिया विधानसभा की स्वीकृत सड़कों को बजट से विलोपित कर अनुपूरक बजट में उलझाने का आरोप
रायगढ़, 17 अगस्त। जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ के प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार और लोक निर्माण विभाग (PWD) पर तीखा हमला बोलते हुए ‘सुशासन तिहार’ के नाम पर जनता से छलावा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने सरकारी पत्राचार एवं दस्तावेजों का हवाला देते हुए कहा कि ‘सुशासन तिहार 2025’ के दौरान आम जनता से सड़कों और विकास कार्यों को लेकर आवेदन तो लिए गए, लेकिन एक वर्ष बीतने के बाद भी निर्माण कार्य धरातल पर नजर नहीं आ रहा है। उनका आरोप है कि पूर्व में स्वीकृत सड़कों को भी बजट से विलोपित कर दिया गया है।

सरकारी दस्तावेजों का हवाला देकर लगाए आरोप
तारेन्द्र डनसेना ने अनुविभागीय अधिकारी (लोक निर्माण विभाग, खरसिया) एवं कार्यपालन अभियंता (लोक निर्माण विभाग, रायगढ़ संभाग) के आधिकारिक ज्ञापनों पत्र क्रमांक 318, 222 एवं 2129/तक/2025-26 का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्राम बड़े डूमरपाली के गुलशन कुमार एवं ग्राम नवागांव के रामेश्वर प्रसाद ने ‘सुशासन तिहार 2025’ के तहत भालूनारा से राबर्टसन रेलवे स्टेशन/साइडिंग तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर आवेदन दिया था।

26 करोड़ की सड़क बजट से विलोपित होने का दावा
कांग्रेस प्रवक्ता के अनुसार, लोक निर्माण विभाग के लिखित जवाब में बताया गया कि राबर्टसन-डूमरपाली-भालूनारा मार्ग निर्माण कार्य बजट वर्ष 2023-24 में शामिल था, जो वर्तमान में विलोपित हो चुका है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अब विभाग इस सड़क के लिए ₹2600 लाख यानी 26 करोड़ रुपये की राशि को ‘प्रथम अनुपूरक बजट 2025-26’ में शामिल करने का प्रस्ताव भेजकर मामले को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया में है, जबकि सड़क निर्माण का काम अभी तक शुरू नहीं हुआ है।
खरसिया क्षेत्र की इन सड़कों को लेकर उठाए सवाल

डनसेना ने खरसिया विधानसभा क्षेत्र की कई सड़कों का उल्लेख करते हुए इनके बजट एवं निर्माण को लेकर सवाल उठाए। इनमें—
- राबर्टसन-डूमरपाली-भालूनारा मार्ग — 7.50 किमी, अनुमानित लागत ₹2600 लाख।
- सिंघनपुर से बरभौना, चंद्रशेखरपुर ऐडू सड़क मार्ग — 22.30 किमी, अनुमानित लागत ₹1560 लाख।
- सोनबरसा से कलमी मार्ग — 4.50 किमी, अनुमानित लागत ₹450 लाख।
- नवागांव से रजघट्टा मार्ग — 2 किमी, अनुमानित लागत ₹200 लाख।
- गोरपार से खड़गांव मार्ग — 2.10 किमी, अनुमानित लागत ₹200.50 लाख।
- सोनबरसा पहुंच मार्ग — 1.50 किमी, अनुमानित लागत ₹150 लाख।
साय सरकार से पूछे तीन सवाल
तारेन्द्र डनसेना ने सरकार से सवाल किया कि यदि राबर्टसन-बड़े डूमरपाली-भालूनारा मार्ग वर्ष 2023-24 के बजट में पहले से शामिल था, तो उसे बजट से विलोपित क्यों किया गया। उन्होंने यह भी पूछा कि ‘सुशासन तिहार’ के नाम पर आयोजन और प्रचार के बाद एक वर्ष बीतने पर भी केवल पत्राचार की प्रक्रिया क्यों चल रही है।
उन्होंने कहा कि खरसिया विधायक उमेश पटेल क्षेत्र के विकास और सड़कों की समस्याओं को विधानसभा से लेकर प्रशासनिक स्तर तक लगातार उठाते रहे हैं। इसके बावजूद खरसिया विधानसभा की सड़कों को बजट से विलोपित किया जाना क्षेत्रवासियों के साथ अन्याय है।
निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस प्रवक्ता ने चेतावनी दी कि यदि विलोपित की गई सड़कों के लिए तत्काल राशि स्वीकृत कर जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो कांग्रेस क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि इसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
भवदीय —
तारेन्द्र डनसेना
प्रवक्ता, जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण), रायगढ़






