Uncategorised

बंद कमरे में सड़ी-गली हालत में मिला ग्रामीण का शव, हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस

Advertisement
Advertisement
Advertisement

रायगढ़। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम तराईमाल में शनिवार दोपहर एक बंद कमरे से ग्रामीण का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

बंद कमरे से आ रही थी दुर्गंध

जानकारी के अनुसार, ग्राम तराईमाल के धनवारापारा में एक बंद कमरे से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाया, जहां एक व्यक्ति का शव सड़ी-गली अवस्था में पड़ा मिला।

दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा शव

मृतक की पहचान गणपति लाल भगत (50 वर्ष), पिता नान्हीराम भगत, निवासी ग्राम तराईमाल के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार शव करीब दो से तीन दिन पुराना होने के कारण काफी हद तक सड़ चुका था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है। शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

थाना प्रभारी ने क्या कहा

पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव ने बताया कि बंद कमरे से सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button