खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन : वित्त मंत्री ओपी चौधरी से मिले रायगढ़ वुशू क्लब के युवा खिलाड़ी

रायगढ़। रायगढ़ वुशू क्लब के युवा खिलाड़ियों ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी से उनके रायगढ़ स्थित कार्यालय में आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों ने हाल ही में आयोजित वुशू स्टेट चैंपियनशिप में अपने शानदार प्रदर्शन और उपलब्धियों की जानकारी साझा की।
पदक विजेता खिलाड़ियों को दी बधाई
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वुशू स्टेट चैंपियनशिप में पदक हासिल करने वाले एवं राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही खेल उपलब्धियां
श्री चौधरी ने कहा कि खेल क्षेत्र में रायगढ़ के युवा लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। उनकी सफलता अन्य युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेगी और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेगी।
खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा
वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने खिलाड़ियों से आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रायगढ़, छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।







