विश्व विजेता निशानेबाज दिव्यांशु देवांगन से मिले वित्त मंत्री ओपी चौधरी, स्वर्णिम उपलब्धि पर किया सम्मानित

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने जूनियर वर्ल्ड कप की 10 मीटर एयर राइफल (मिक्स्ड डबल) स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाले अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज दिव्यांशु देवांगन के निवास पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की और उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर सम्मानित किया।
शॉल-श्रीफल और रामचरितमानस भेंट कर किया सम्मान
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दिव्यांशु देवांगन को शॉल, श्रीफल एवं रामचरितमानस की प्रति भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
‘दिव्यांशु की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा’
श्री चौधरी ने कहा कि दिव्यांशु ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और अथक मेहनत के बल पर विश्व मंच पर भारत का नाम रोशन किया है। उनकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि विशेष रूप से रायगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने विश्वास जताया कि दिव्यांशु भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश के लिए नई उपलब्धियां हासिल करेंगे। साथ ही कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
दिव्यांशु ने जताया आभार
दिव्यांशु देवांगन ने सम्मान और शुभकामनाओं के लिए वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।







