रायगढ़

रायगढ़ में मौसम ने बदला मिजाज, तापमान गिरकर 28 डिग्री पर पहुंचा

Advertisement

बादल, तेज हवा और रिमझिम बारिश से बढ़ी ठंडक; अगले 24 घंटे के लिए यलो अलर्ट, भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

रायगढ़। जिले में पिछले तीन-चार दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आसमान में बादल छाए रहने, हवा चलने और रुक-रुककर हो रही रिमझिम बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। वहीं मौसम विभाग ने जिले के लिए अगले 24 घंटे का यलो अलर्ट जारी करते हुए कई स्थानों पर वर्षा और कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है।

कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को जिले के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। वहीं एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और भारी वर्षा की चेतावनी भी जारी की गई है।

निम्न दबाव क्षेत्र का दिख रहा असर

मौसम में आए बदलाव के पीछे गंगीय पश्चिम बंगाल, उससे लगे उत्तर ओडिशा और झारखंड के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र प्रमुख कारण माना जा रहा है। इसके साथ ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है, जो करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है।

मौसम विभाग के मुताबिक यह निम्न दबाव क्षेत्र अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड की ओर बढ़ सकता है।

कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय

वर्तमान में मानसून द्रोणिका भी सक्रिय है, जो जम्मू, चंडीगढ़, शाहजहांपुर और वाराणसी होते हुए निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र तक तथा वहां से दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।

इसके अलावा निम्न दबाव क्षेत्र से संबंधित चक्रवाती परिसंचरण से उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश तक एक द्रोणिका करीब 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर बनी हुई है। दक्षिण गुजरात से भी निम्न दबाव क्षेत्र से जुड़े परिसंचरण तक करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर द्रोणिका सक्रिय है।

बारिश को लेकर सतर्क रहने की जरूरत

एक साथ कई मौसमी प्रणालियों के सक्रिय होने के कारण रायगढ़ जिले में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए गरज-चमक और वज्रपात के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button