छत्तीसगढ़

ग्राहकों से वसूले 7.58 लाख रुपये कंपनी में जमा नहीं किए, कलेक्शन एजेंट पर गबन का आरोप

Advertisement

40 ग्राहकों से किस्त की रकम लेने के बाद कार्यालय आना किया बंद, ब्रांच मैनेजर की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला

रायगढ़। शहर में भारत फाइनेंस कंपनी के एक कलेक्शन एजेंट पर ग्राहकों से वसूली गई रकम कंपनी में जमा नहीं करने और लाखों रुपये के गबन का आरोप लगा है। एजेंट ने करीब नौ महीने की अवधि में 40 ग्राहकों से कुल 7 लाख 58 हजार 937 रुपये की राशि वसूल की, लेकिन कंपनी की शाखा में रकम जमा नहीं की। इसके बाद वह कार्यालय आना भी बंद कर दिया। मामले की जानकारी सामने आने के बाद कंपनी के ब्रांच मैनेजर ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

ग्राहकों से किस्त वसूलना था जिम्मा

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार महासमुंद जिले के ग्राम जोगीपाली निवासी वासुदास मानिकपुरी (35) भारत फाइनेंस कंपनी की रायगढ़ शाखा में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। वहीं सक्ती जिले के ग्राम अमेराडीह निवासी विक्रम सिंह सिदार (20) कंपनी में कलेक्शन एजेंट के तौर पर काम करता था।

कलेक्शन एजेंट की जिम्मेदारी कंपनी के ग्राहकों से निर्धारित किस्त की राशि वसूल कर उसे शाखा में जमा करना था।

40 ग्राहकों से वसूले 7.58 लाख रुपये

आरोप के मुताबिक 1 दिसंबर 2023 से 31 अगस्त 2024 के बीच विक्रम सिंह सिदार ने कंपनी के 40 ग्राहकों से किस्त के रूप में कुल 7,58,937 रुपये वसूल किए। लेकिन वसूली गई रकम कंपनी की शाखा में जमा नहीं की गई।

कंपनी के स्तर पर जब रकम जमा नहीं होने की जानकारी सामने आई तो एजेंट से संपर्क करने और राशि के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया। आरोप है कि इसके बाद विक्रम ने कार्यालय आना भी बंद कर दिया।

शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुटी

मामले की जानकारी मिलने पर ब्रांच मैनेजर वासुदास मानिकपुरी ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आरोपों से जुड़े दस्तावेजों, ग्राहकों से वसूली गई रकम और कंपनी के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

पुलिस जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button