Uncategorised

रायगढ़ में आज होगी प्री-बीएड और बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा, 5,799 अभ्यर्थी होंगे शामिल

Advertisement

रायगढ़। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) रायपुर द्वारा आयोजित प्री-बीएड प्रवेश परीक्षा एवं बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा आज 11 जून को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

परीक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए गए निर्देश

कलेक्टर के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर एवं परीक्षा के नोडल अधिकारी धनराज मरकाम ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आब्जर्वर, गेट वीक्षक और संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रवेश परीक्षाएं विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी होती हैं, इसलिए परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने सभी अधिकारियों को व्यापम के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा परीक्षा केंद्रों में अनुशासन, गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

अभ्यर्थियों के लिए मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था

प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों में पेयजल, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भीड़ प्रबंधन और समय पर प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जिले में बनाए गए 22 परीक्षा केंद्र

डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम ने बताया कि जिले में प्री-बीएड परीक्षा के लिए 17 केंद्रों पर 4,351 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। वहीं बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा के लिए 5 केंद्रों में 1,448 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

इस प्रकार दोनों परीक्षाओं में कुल 5,799 अभ्यर्थी भाग लेंगे।

सुबह 9:30 बजे बंद हो जाएगा प्रवेश द्वार

परीक्षा का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक किया जाएगा। व्यापम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुबह 9:30 बजे के बाद परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button