समाधान शिविर में सीएम विष्णुदेव साय की बड़ी घोषणाएं: भैंसा और आसपास के गांवों को मिला विकास का तोहफा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने “सुशासन तिहार” के अंतर्गत आज रायपुर जिले के आरंग विकासखंड के ग्राम भैंसा में आयोजित समाधान शिविर में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई अहम घोषणाएं कीं और योजनाओं के ज़मीनी क्रियान्वयन को लेकर जनता से फीडबैक लिया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि देश का हर गरीब अपना मकान पाए। इसी कड़ी में आवास प्लस प्लस योजना के तहत अब तक वंचित पात्र लोगों को जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि 70 लाख से अधिक माताओं-बहनों के खातों में “महतारी वंदन योजना” की राशि भेजी जा चुकी है और जिनका नाम अब तक नहीं जुड़ा है, उन्हें भी जल्द योजना में शामिल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि यह उनका 29वां जिला दौरा है और अब केवल पांच जिले बाकी हैं। शिविरों का आयोजन सिर्फ योजनाओं के प्रचार के लिए नहीं, बल्कि जनता से सीधा संवाद और समाधान के लिए किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री की घोषणाएं – भैंसा और आसपास के क्षेत्रों के लिए विकास योजनाएं
1. ग्राम भैंसा में ₹55 लाख की लागत से उच्चस्तरीय पानी टंकी और पाइपलाइन विस्तार।
2. ग्राम अमोदी में ₹42 लाख की लागत से पाइपलाइन विस्तार।
3. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण के लिए ₹75 लाख की मंजूरी।
4. भैंसा हाईस्कूल भवन निर्माण के लिए ₹75.23 लाख।
5. हाईस्कूल भवन के अहाता निर्माण हेतु ₹18 लाख।
6. हाईस्कूल में शेड निर्माण के लिए ₹20 लाख।
7. पुलिस चौकी खोलने की घोषणा।
8. भंडारपूरी हायर सेकेंडरी स्कूल के लिए पहले से स्वीकृत ₹75 लाख को बढ़ाकर अब ₹1.25 करोड़ की स्वीकृति।
9. नवीन प्राथमिक शाला भैंसा में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण हेतु ₹24 लाख की घोषणा।
समाज और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान
समाधान शिविर में अन्नप्राशन और गोदभराई कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। वहीं 110 परिवारों को नए आवास में गृह प्रवेश कराया गया, और 213 शौचालय निर्माण की स्वीकृति दी गई।
कृषि के लिए नई पहल: विकसित कृषि संकल्प अभियान
सीएम साय ने एक नई योजना की भी घोषणा की—”विकसित कृषि संकल्प अभियान”। इसके अंतर्गत केंद्रीय और राज्य स्तर के वैज्ञानिक मिलकर किसानों के लिए काम करेंगे।
13 लाख किसानों से संपर्क कर उन्हें लाभान्वित किया जाएगा।
“प्रयोगशाला से खेत तक” के विचार से प्रेरित यह योजना किसानों को नई तकनीक और ज्ञान से सशक्त बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ग तक योजनाओं को पहुंचाने में सफल रही है और जनता की संतुष्टि ही इस अभियान की सबसे बड़ी सफलता है।
समाधान शिविरों के जरिए जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे शासन को ज़मीन पर परखने और सुधारने का अवसर भी मिल रहा है।