पेरू की राजधानी लीमा में 6.1 तीव्रता का भूकंप, दहशत का माहौल, एक की मौत, पांच घायल

लीमा। दक्षिण अमेरिकी देश पेरू की राजधानी लीमा में रविवार रात भूकंप के तेज झटकों ने लोगों में हड़कंप मचा दिया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गई। झटके इतने जोरदार थे कि चट्टानों से रेत का गुबार उठ गया और लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। भूकंप के कारण राजधानी लीमा और उसके नजदीकी बंदरगाह शहर कैलाओ में अफरा-तफरी मच गई।
प्रशांत महासागर में था भूकंप का केंद्र
यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, यह भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 11:35 बजे आया। इसका केंद्र लीमा से 23 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में, प्रशांत महासागर के भीतर स्थित था। झटके राजधानी के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी महसूस किए गए।
एक की मौत, पांच घायल, फुटबॉल मैच स्थगित
आपातकालीन संचालन केंद्र ने जानकारी दी है कि भूकंप के चलते लीमा में पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया। वहीं, एक दुखद घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जब भूकंप के दौरान एक दीवार उसकी कार पर गिर गई। इसके अलावा भूकंप के चलते लीमा में हो रहा एक प्रमुख फुटबॉल मैच भी सुरक्षा कारणों से स्थगित कर दिया गया।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
हालांकि भूकंप से किसी बड़ी संरचनात्मक क्षति की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने और आफ्टरशॉक्स से बचने की चेतावनी दी है। बचाव दल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
पेरू भूकंप संभावित क्षेत्र में आता है, जहां समय-समय पर तेज भूकंप आते रहे हैं। ऐसे में विशेषज्ञों ने लोगों को आपदा से निपटने के उपाय अपनाने की सलाह दी है।












