रेलवे ट्रैक किनारे बुजुर्ग की लाश मिलने से फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

रायगढ़, छत्तीसगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बुजुर्ग की लाश रेलवे ट्रैक के किनारे मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ग्राम मौहापाली निवासी 60 वर्षीय जोगीराम राठिया के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जोगीराम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह शुक्रवार दोपहर से ही लापता थे। परिजनों ने देर रात तक उनकी तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। शनिवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने रेलवे ट्रैक के पास उनका शव पड़ा देखा, जिसके बाद घटना की सूचना तमनार पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि जोगीराम संभवतः रेलवे ट्रैक किनारे चल रहे थे, इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गए होंगे, जिससे उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस घटना की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।












