जिंदल फाउंडेशन की ‘यशस्वी’ योजना का चौथा संस्करण हुआ शुरू, 5000 से अधिक महिलाओं को मिलेगा लाभ

रायपुर/भिलाई। जिंदल स्टील की सामाजिक शाखा जिंदल फाउंडेशन ने अपनी प्रमुख पहल ‘यशस्वी योजना’ के चौथे संस्करण की शुरुआत कर दी है। इस संस्करण के अंतर्गत छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड की 5000 से अधिक युवतियों और महिलाओं को उच्च शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
इस योजना की घोषणा करते हुए फाउंडेशन की चेयरपर्सन श्रीमती शालू जिंदल ने कहा,
> “हम मानते हैं कि सशक्त महिलाएं प्रगतिशील समाज की रीढ़ होती हैं। ‘यशस्वी’ के माध्यम से हम उन महिलाओं को प्रोत्साहन दे रहे हैं जो बड़े सपने देखती हैं और उन्हें साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह योजना अब तक 11,000 से अधिक महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला चुकी है और इस वर्ष हम और अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अग्रसर हैं।”
यशस्वी योजना की प्रमुख विशेषताएं:
लाभार्थियों की आयु सीमा 16 से 30 वर्ष रखी गई है।
वार्षिक पारिवारिक आय 2 लाख रुपए से कम होनी चाहिए।
योजना में एडमिशन फीस, ट्यूशन फीस, परीक्षा शुल्क सहित अन्य शैक्षणिक खर्चों को शामिल किया गया है।
चयन शैक्षणिक योग्यता, आर्थिक स्थिति एवं मान्यता प्राप्त संस्थानों में प्रवेश प्रमाण के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन की अंतिम तिथि 16 अगस्त 2025 निर्धारित की गई है।
आवेदन के लिए फाउंडेशन की वेबसाइट पर जाएं:
👉 https://jindalfoundation.com/Yashasvi
गौरतलब है कि 2022 में शुरू हुई इस योजना से अब तक 11,000 से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो चुकी हैं, जिनमें से 8,000 महिलाएं आज आत्मनिर्भर होकर रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में सफलता पा रही हैं।












