तमनार ब्लॉक में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर पलटने से किसान की मौत

रायगढ़। तमनार ब्लॉक के आमगांव और धौंराभांठा के बीच स्थित निर्माणाधीन तालाब के पास रविवार शाम करीब 6 बजे एक दुखद सड़क हादसा हो गया। आमगांव निवासी 32 वर्षीय किसान राजेन्द्र सिदार, खेत की जुताई कर घर लौटते समय ट्रैक्टर पलटने से अपनी जान गंवा बैठे।
जानकारी के अनुसार, राजेन्द्र सिदार धौंराभांठा से आमगांव की ओर लौट रहे थे। निर्माणाधीन महल तालाब के ऊपर बनी सड़क पर सामने से आ रही बोलेरो को रास्ता देने के प्रयास में ट्रैक्टर का पहिया सड़क से उतर गया, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान राजेन्द्र ट्रैक्टर के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर व मृतक को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन भी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।












