लैलूंगा में बड़ी चोरी की वारदात: बाइक की डिक्की तोड़कर उड़ाए 1 लाख 39 हजार रुपए

रायगढ़। लैलूंगा थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। ग्राम बोईरडीह पोटेबिरनी निवासी निराकर गुप्ता (20), जो मोबाइल रिपेयरिंग का काम करते हैं, अपने भाई बंशीधर के साथ घरेलू सामान की खरीदारी के लिए लैलूंगा गए थे। इसी दौरान उनके चाचा सत्यानंद गुप्ता ने उन्हें 1 लाख 69 हजार रुपए का चेक देकर बैंक से नगद निकालने को कहा।
निराकर बैंक से रुपए निकालकर बाइक की डिक्की में रख ही रहे थे कि तभी लैलूंगा की दिशा से तीन अज्ञात युवक बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे। उन्होंने किसी बहाने से निराकर को बातों में उलझा लिया और मौके का फायदा उठाकर डिक्की का ताला तोड़ दिया। थोड़ी देर बाद जब निराकर ने डिक्की खोली तो उसमें रखे 1 लाख 39 हजार रुपए गायब थे।
सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।












