पेट्रोल-डीजल किल्लत के बीच डायल 112 सेवा मजबूत, अमित शाह 400 नई गाड़ियों को दिखाएंगे हरी झंडी

प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की किल्लत के बीच डायल 112 की आपातकालीन सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने जानकारी दी है कि अब डायल 112 की सुविधा, जो पहले 16 जिलों में संचालित थी, उसे पूरे प्रदेश में विस्तार दिया जा रहा है। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 18 मई को रायपुर पुलिस लाइन से डायल 112 की 400 गाड़ियों को हरी झंडी दिखाएंगे, जबकि 33 जिलों के लिए 33 सर्वसुविधा युक्त वाहन रवाना किए जाएंगे।
साथ ही राज्य को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री की स्थापना की सौगात मिलने की भी संभावना है। बता दें कि प्रशासन और पुलिस की निगरानी में इन वाहनों को नियमित रूप से ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि किसी भी स्थिति में आपात सेवाओं पर असर न पड़े।
18 मई को बस्तर दौरा करेंगे HM शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 18 मई को बस्तर दौरे के दौरान वीर शहीद गुंडाधुर के गांव नेतानार पहुंचेंगे। 19 मई को प्रस्तावित मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक से पहले शाह का यह दौरा राजनीतिक और रणनीतिक दोनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह है कि एक समय नक्सल प्रभाव के लिए पहचाने जाने वाले नेतानार में अब देश के गृहमंत्री का कार्यक्रम होने जा रहा है।






