छत्तीसगढ़

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, आंधी बारिश के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी, कई जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी

Advertisement
छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार चढ़ाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद तापमान में फिर 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा।

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक गरज चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के असर से प्रदेश में मौसम प्रभावित हो रहा है। इसी वजह से कुछ जिलों में बादल छाने और तेज हवाएं चलने की स्थिति बन रही है। हालांकि इसके बाद गर्मी का असर फिर बढ़ सकता है।

राजनांदगांव सबसे गर्म, कई जिलों में बारिश

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान 44 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान भी राजनांदगांव में 20.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर के लालपुर में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री और माना एयरपोर्ट में 40.6 डिग्री दर्ज किया गया। बिलासपुर में 15.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि दुर्ग और राजनांदगांव में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है।

अगले 4 दिन आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के एक दो स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 15 मई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

16 से 18 मई तक भी कई इलाकों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में ग्रीष्म लहर यानी हीट वेव का असर भी देखने को मिल सकता है

बारिश के बाद फिर बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है, लेकिन इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान फिर 3 से 4 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है।

यानी लोगों को थोड़ी राहत मिलने के बाद फिर भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। रायपुर शहर में शुक्रवार को आंशिक बादल छाए रहने, गरज चमक और अंधड़ चलने की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि लोग ज्यादा से ज्यादा पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं।

वहीं मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान लोगों को पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने और बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है। किसानों को भी फसलों और खुले में रखे उत्पादों को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की गई है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button