रायपुर पुलिस की बड़ी सफलता : 57 लाख की हेरोइन के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रायपुर पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 273.19 ग्राम हेरोइन जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 57 लाख रुपये बताई जा रही है।
थाना कबीरनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि हीरापुर स्थित वेदांत वाटिका के पास नशे का कारोबार चल रहा है। इस पर दबिश देकर पुलिस ने मुख्य सप्लायर मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि उसे नशे का माल पंजाब से सप्लाई होता था, जिसे वह अपने डिस्ट्रीब्यूटर्स विजय मोटवानी और भूषण शर्मा के जरिए शहर में खपाता था।
जग्गू की निशानदेही पर वीर सावरकर नगर, जरवाय तालाब और आरडीए कॉलोनी इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने चार और आरोपियों को पकड़ा, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। इसके साथ ही कोतवाली थाना पुलिस ने भी एक आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं:
मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू (30 वर्ष), वीर सावरकर नगर, हीरापुर
विजय मोटवानी उर्फ अमन (23 वर्ष), वीर सावरकर नगर, हीरापुर
दिव्या जैन (24 वर्ष), आरडीए कॉलोनी, हीरापुर
नितिन पटेल (19 वर्ष), मूल निवासी रीवा (मप्र), वर्तमान पता हीरापुर
जसप्रीत कौर उर्फ बॉबी (25 वर्ष), पत्नी मनमोहन सिंह संधू, वीर सावरकर नगर, हीरापुर
भूषण शर्मा उर्फ सूरज (30 वर्ष), टाटीबंध, रायपुर
पुलिस की इस कार्रवाई से नशे का एक बड़ा गिरोह उजागर हुआ है। फिलहाल सभी आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।












