रायपुर में नशे और अपराध पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कबीर नगर क्षेत्र में छापेमारी

रायपुर। राजधानी में नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने शनिवार तड़के विशेष अभियान चलाया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन पर करीब 100 जवानों की टीम ने कबीर नगर इलाके के हीरापुर, वीर सावरकर नगर, आरडीए कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी।
कार्रवाई का संचालन
इस अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) डी.आर. पोर्ते ने किया। उनके साथ नगर पुलिस अधीक्षक (आजाद चौक) ईशु अग्रवाल, कबीर नगर, आजाद चौक, आमानाका और सरस्वती नगर थानों के प्रभारी तथा एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट व रक्षित केंद्र की टीम भी शामिल रही।
मिली सफलता
चिट्टा (हेरोइन) प्रकरण में 1 आरोपी गिरफ्तार
20 से अधिक संदिग्धों और असामाजिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
मकानों और किरायेदारों का सत्यापन अभियान चलाया गया
बाहरी व्यक्तियों से पूछताछ कर पहचान की जांच की गई
पुलिस की अपील
अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और सहयोग की अपील की। रायपुर पुलिस ने कहा है कि ड्रग्स की बिक्री या तस्करी की कोई भी जानकारी होने पर नागरिक तुरंत 9479216156, 9479211933 या 1933 पर सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।












