पुरानी रंजिश में युवक की बेरहमी से हत्या, पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन को जंगल से दबोचा

रायगढ़– छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने इलाके को हिलाकर रख दिया है। तमनार थाना क्षेत्र के आमाघाट फिटिंगपारा में 25 वर्षीय सुजीत खलखो की पुरानी रंजिश के चलते बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सूरज धनवार और दो नाबालिग साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज मामले ने पूरे गांव में दहशत फैला दी है, जहां हत्यारे टांगी जैसे घातक हथियार का इस्तेमाल कर मौके से फरार हो गए थे।
घटना 27 अगस्त की रात की है, जब सुजीत खलखो अपने दोस्त सुरेश कुमार मिंज के घर पर भोजन कर रहे थे। अचानक गांव के ही सूरज धनवार अपने दो साथियों के साथ वहां धमक पड़े। पुरानी दुश्मनी का बदला लेने के इरादे से उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और टांगी से सुजीत पर जानलेवा हमला कर दिया। खून से लथपथ सुजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हत्यारे अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले। इस खौफनाक घटना की रिपोर्ट सुरेश कुमार मिंज ने तुरंत तमनार थाने में दर्ज कराई, जिसने पुलिस को तत्काल हरकत में ला दिया।
थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 180/2025 के तहत धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के अंतर्गत केस दर्ज किया। घेराबंदी की रणनीति अपनाते हुए पुलिस ने पूंजीपथरा-तमनार क्षेत्र के जंगल में छिपे आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल लिया, और उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी समेत अन्य महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए गए। तीनों को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी सूरज धनवार (22 वर्ष, पिता सुकलाम्बर धनवार, निवासी फिटिंगपारा दांदरी आमाघाट, थाना तमनार) शामिल है, जबकि दो अन्य विधि के साथ संघर्षरत बालक हैं।






