राष्ट्रीय खेल दिवस पर शासकीय पी.डी. कॉमर्स कॉलेज रायगढ़ में वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित

रायगढ़ । राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शासकीय पी.डी. कॉमर्स कॉलेज, रायगढ़ में वाद-विवाद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का विषय “खेल एवं शिक्षा” रखा गया था, जिसमें कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बड़ी उत्साहपूर्ण भागीदारी करते हुए अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुमारी प्रीति यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं निरंजन यादव द्वितीय स्थान पर रहे। विजेताओं को पुरस्कारस्वरूप नकद राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। प्रथम स्थान प्राप्त छात्रा को 2,000 रुपए एवं ट्रॉफी, जबकि द्वितीय स्थान प्राप्त छात्र को 1,000 रुपए एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में सहायक संचालक/डिप्टी कलेक्टर श्री धनराज मरकाम एवं कॉलेज के प्राचार्य श्री सुशील कुमार एक्का मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि “जीवन में खेल और शिक्षा के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। शिक्षा से जहां व्यक्तित्व का विकास होता है, वहीं खेल से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य मजबूत होता है।”
प्रतियोगिता जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा शासकीय पी.डी. कॉमर्स कॉलेज रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुई। कॉलेज के समस्त स्टाफ ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।












