रायगढ़ में कला एवं संगीत महाविद्यालय की राह हुई आसान

रायगढ़ । बहुत जल्द जिले में कला एवं संगीत महाविद्यालय का सपना पूरा होने जा रहा है। अमलीभौना में उच्च शिक्षा विभाग को पाँच एकड़ जमीन आवंटित की जा चुकी है। जानकारी के अनुसार विभाग ने अतिरिक्त भूमि की मांग भी की है, जिस पर प्रक्रिया जारी है।
अब तक युवाओं का रुझान केवल मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसे पारंपरिक क्षेत्रों की ओर ही देखा जाता रहा है, लेकिन कई युवा ऐसे भी हैं जिन्हें संगीत और नृत्य के क्षेत्र में आगे बढ़ना होता है। उन्हें बुनियादी जानकारी तो मिल जाती है, लेकिन इसे करियर के रूप में अपनाने के लिए विधिवत शिक्षा की आवश्यकता होती है। कला एवं संगीत के क्षेत्र में शैक्षणिक संस्थानों की कमी महसूस की जाती रही है।
रायगढ़ कला-संस्कृति के क्षेत्र में बेहद समृद्ध जिला है। इसी कारण पूर्व में कला एवं संगीत महाविद्यालय की कल्पना की गई थी। अब सरकार ने इस दिशा में ठोस कदम बढ़ाते हुए जमीन का आवंटन कर दिया है। जमीन मिलने के बाद उच्च शिक्षा विभाग महाविद्यालय निर्माण कार्य शुरू करेगा। उम्मीद है कि आने वाले समय में यह संस्थान कई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगा और वे क्षेत्र व राज्य का नाम रोशन करेंगे।
करियर को मिलेगा नया विकल्प
आज के समय में युवा अनेक करियर विकल्प तलाश रहे हैं। इनमें संगीत और कला एक महत्वपूर्ण रास्ता बनकर उभर रहा है। रायगढ़ में बनने वाला यह संस्थान युवाओं को संगीत और कला की पढ़ाई का अवसर उपलब्ध कराएगा। लंबे समय से जिले में ऐसे संस्थान की मांग उठ रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है।












