रायगढ़ जिले में हाथियों का आतंक: एक ही रात में 30 किसानों की फसल बर्बाद, वन विभाग कर रहा नुकसान का आंकलन

रायगढ़ । जिले के विभिन्न गांवों में हाथियों का दल लगातार उत्पात मचा रहा है। रविवार की रात जंगल से निकलकर हाथियों का दल खेतों में घुस गया और करीब 30 किसानों की फसल रौंद डाली। अचानक हुए इस हमले से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार हाथियों ने धरमजयगढ़ वनमंडल के अलग-अलग रेंजों में नुकसान पहुंचाया है। धरमजयगढ़ रेंज के कोयलार में 2 किसानों की, बोरो रेंज के खम्हार में 1, छाल रेंज के बनहर में 1, कापू रेंज के सांगुल में 5, लैलूंगा रेंज के कुर्रा में 7, आमापाली बीट क्षेत्र में 9 और बगुडेगा बीट के बैगनझरिया गांव में 5 किसानों की फसल चौपट कर दी गई।
ग्रामीणों ने रात में हाथियों को खदेड़ने की कोशिश की, लेकिन तब तक खेतों की खड़ी फसल नष्ट हो चुकी थी। सोमवार सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आंकलन शुरू किया, ताकि मुआवजा वितरण की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
वनमंडल में 115 हाथियों का डेरा
वन विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल धरमजयगढ़ वनमंडल में 115 हाथी विचरण कर रहे हैं। इनमें सबसे ज्यादा 33 हाथी लैलूंगा के आमापाली बीट में देखे गए हैं। वहीं बगुडेगा बीट में 27 और आमापाली में 10 हाथियों का दल मौजूद है। इन झुंडों में 33 नर, 47 मादा और 35 शावक शामिल हैं।
गांव-गांव में मुनादी और सतर्कता
लैलूंगा सबडिविजन के SDO एम.एल. सिदार ने बताया कि हाथियों की बड़ी संख्या को देखते हुए प्रभावित गांवों में मुनादी कराई जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात में अकेले खेतों की ओर न जाने की समझाइश दी गई है। हाथियों द्वारा की गई तबाही का आंकलन कर मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही वन विभाग लगातार उनकी मानिटरिंग भी कर रहा है।












