रायगढ़ : सूने मकान का ताला तोड़कर 5–6 लाख की चोरी, सोना-चांदी और नगद सामान ले गए चोर

रायगढ़।जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोईंग गांव में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से करीब 5–6 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और नगद लेकर फरार हो गए।
इस तरह हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक दिव्य किशोर गुप्ता बलरामपुर में स्वास्थ्य विभाग में सलाहकार पद पर पदस्थ हैं। उनकी पत्नी अनिता गुप्ता शिक्षक हैं। उनका पैतृक निवास लोईंग में है, जहां वे सप्ताहांत में आना-जाना करते रहते हैं।
गांव में दिव्य किशोर के भाई प्रमथेश गुप्ता अपने परिवार के साथ रह रहे थे। 2 सितंबर को प्रमथेश इलाज के लिए भुवनेश्वर गए थे और उनकी पत्नी मायके पुसौर चली गई थी। इस बीच मकान सूना पड़ा हुआ था।
6 सितंबर को दिव्य किशोर गुप्ता की मां मंजूश्री गुप्ता और बहन प्रियवंदा गुप्ता अष्टपहरी का चंदा देने लोईंग गई थीं। लेकिन 12 सितंबर को जब दिव्य किशोर गुप्ता अपनी मां के साथ घर लौटे तो देखा कि दरवाजा खुला हुआ है।
अलमारी और लॉकर तोड़कर जेवर चोरी
घर के भीतर सभी अलमारियां खुली हुई थीं और लॉकर टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि करीब 6 तोला सोना और 100 ग्राम चांदी के जेवर चोरी हो चुके हैं। घर का सामान भी बिखरा पड़ा था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की जानकारी मिलते ही दिव्य किशोर गुप्ता ने तुरंत चक्रधर नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।












