गांजा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो युवक गिरफ्तार

रायगढ़। पुसौर थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 किलो गांजा और एक स्कूटी बरामद की है। जब्त किए गए गांजा और स्कूटी की कुल कीमत करीब 90 हजार रुपये आंकी गई है।
सूचना पर दी गई दबिश
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी रामकिंकर यादव को सूचना मिली थी कि औरदा और जकेला गांव के बीच एक मंदिर के पास दो युवक स्कूटी पर गांजा लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
दोनों की पहचान और बरामदगी
गिरफ्तार युवकों की पहचान रौनक अग्रवाल (25), निवासी रामभांठा, रायगढ़ और सोनू अहमद (24), निवासी फतेहाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उनके पास से दो पैकेट में कुल 4 किलो गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी (क्रमांक CG 13 AF 0615) भी पुलिस ने जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है।
जांच जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।












