लैलूंगा : साप्ताहिक बाजार से लौट रहे किराना व्यवसायी के 40 हजार रूपए लेकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश

रायगढ़। लैलूंगा थाना क्षेत्र में साप्ताहिक बाजार से दुकान समेटकर लौट रहे एक किराना व्यवसायी के साथ बड़ी उठाईगिरी की घटना सामने आई है। बाइक सवार दो युवक व्यवसायी का 40 हजार रुपए से भरा बैग लेकर फरार हो गए। हालांकि पीड़ित ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से भागने में सफल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, इंदिरा नगर निवासी कमलेश वैष्णव पिता रामदेव वैष्णव किराना व्यवसायी हैं और साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाते हैं। शनिवार को उन्होंने लैलूंगा के साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाया था। देर रात करीब 9 बजे दुकान समेटने के बाद उन्होंने बिक्री से प्राप्त 40 हजार रुपए को बैग में भरकर अपनी पिकअप वाहन की आगे की सीट पर रख दिया। इसके बाद वह अपने बेटे अभिषेक के साथ दुकान में लगाए गए तिरपाल को खोलने में व्यस्त हो गए।
इसी बीच मौके का फायदा उठाते हुए मोटरसाइकिल सवार दो युवक वहां पहुंचे और पिकअप की सीट पर रखे बैग को उठाकर फरार हो गए। कमलेश ने आरोपियों को भागते हुए देखा तो शोर मचाते हुए पीछे दौड़े, लेकिन बाइक सवार तेजी से अंधेरे की ओर भाग निकले। बताया जा रहा है कि बाइक चालक ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
घटना की शिकायत पर लैलूंगा पुलिस ने पीड़ित कमलेश वैष्णव की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303 (2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
स्थानीय बाजार में घटी इस वारदात से व्यापारी वर्ग में चिंता और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाने और उठाईगिरी पर रोक लगाने की मांग की है।












