मोहला जिले में करंट हादसे से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, गांव में छाया मातम

मोहला। छत्तीसगढ़ के मोहला जिले के ग्राम खैरी पांगरी में सोमवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति, पत्नी और बेटा शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पांगरी निवासी गोंड आदिवासी परिवार के मुखिया सुरतराम बोगा (62 वर्ष) सोमवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच गांव से दूर अपने कोठार-बाड़ी में काम करने गए थे। वहां बिजली के तार की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए। पिता को बचाने पहुंचे बेटा रूपलाल बोगा भी करंट की चपेट में आ गया। काफी देर तक पिता-पुत्र घर नहीं लौटे तो पत्नी भागबती बाई (58 वर्ष) भी मौके पर पहुंचीं और पति-पुत्र को बचाने की कोशिश में वे भी करंट की चपेट में आ गईं। इस तरह तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गांव में मातम का माहौल
इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे खैरी पांगरी गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि यह परिवार मेहनतकश और सादगी से जीवन यापन करने वाला था। तीन-तीन सदस्यों की एक साथ मौत से गांव के लोग स्तब्ध हैं।












