नवरात्र पर्व में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए पुलिस की विशेष पहल, ‘दुर्गा वाहिनी’ करेगी पेट्रोलिंग

रायगढ़ । नवरात्र पर्व के दौरान महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस प्रशासन ने विशेष इंतज़ाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा-निर्देशन पर इस बार दुर्गा पंडालों और गरबा-डांडिया स्थलों पर महिला सुरक्षा टीम “दुर्गा वाहिनी” की विशेष पेट्रोलिंग रहेगी।
शनिवार को पुलिस कार्यालय में एडिशनल एसपी आकाश मरकाम, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने महिला सुरक्षा टीम को ड्यूटी के संबंध में ब्रीफ किया और फिर उन्हें शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रवाना किया।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि ‘दुर्गा वाहिनी’ का गठन खासतौर पर महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने तथा उनमें सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। इस टीम की दो यूनिट पूरे नवरात्र पर्व के दौरान दुर्गा पंडालों, गरबा और डांडिया स्थलों पर सक्रिय रहकर पेट्रोलिंग करेंगी।
दुर्गा वाहिनी को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। टीम में महिला उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर, वीणा साहू, कुसुम केवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्र सहित जिले के सभी थानों के महिला आरक्षक और आरक्षक शामिल किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन की इस विशेष पहल से नवरात्र पर्व में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालु अब निश्चिंत होकर गरबा-डांडिया और दुर्गा पंडालों में शामिल हो सकेंगे और उत्सव को सुरक्षित माहौल में मना पाएंगे।












