डेम के पास संदिग्ध अवस्था में मिला जिंदल प्लांट कर्मी का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

रायगढ़। जिले में रविवार की सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां जिंदल प्लांट में कार्यरत एक युवक का शव डेम के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान प्रभुनाथ चौहान (43 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पिछले सात वर्षों से कोसमपाली गांव के पास श्रमिक विहार में रह रहा था। घटना कोतरा रोड थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, मूलतः जैजेपुर निवासी प्रभुनाथ तीन दिनों से लापता था। परिजनों ने उसकी खोजबीन के बाद शनिवार की रात कोतरा रोड थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी बीच रविवार सुबह उच्चभिट्ठी गांव स्थित डेम के पास उसकी लाश मिली। शव के पास ही उसकी मोटरसाइकिल भी लावारिस हालत में पड़ी मिली। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
एक दिन पुराना बताया गया शव
सूचना मिलते ही कोतरा रोड थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज और फॉरेंसिक एक्सपर्ट पी.एस. भगत की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। फॉरेंसिक जांच में पता चला है कि शव करीब एक दिन पुराना है। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।
परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल
मृतक के बड़े भाई ने बताया कि तीन दिन पहले मां के ऑपरेशन के दौरान चारों भाई रायगढ़ के अस्पताल में मौजूद थे। गुरुवार दोपहर के बाद से प्रभुनाथ से संपर्क नहीं हो पा रहा था। उन्होंने आशंका जताई है कि अज्ञात लोगों ने उसकी हत्या कर शव को डेम के पास फेंक दिया, ताकि मामला आत्महत्या या दुर्घटना जैसा लगे।
पुलिस जांच में जुटी
डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि उच्चभिट्ठी गांव के डेम के पास युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया है। उन्होंने कहा कि, “पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।”
स्थानीय लोगों ने भी आशंका जताई है कि यह मामला हत्या का हो सकता है, क्योंकि जिस स्थान पर शव मिला है, वहां आमतौर पर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। पुलिस अब मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।












