रायगढ़ : तमनार वन क्षेत्र में करंट से हाथी की दर्दनाक मौत, तीन संदिग्ध हिरासत में

रायगढ़ जिले के तमनार वन क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक वयस्क नर हाथी करंट की चपेट में आकर मृत पाया गया। यह घटना ग्राम केराखोल के पास सामने आई। ग्रामीणों ने खेत के पास मृत हाथी देखा और तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे तमनार रेंजर और वन विभाग की टीम ने प्रारंभिक जांच में पाया कि हाथी की मौत अवैध रूप से खेत में बिछाए गए बिजली के जाल (करंट) के कारण हुई। यह जाल जंगली सुअर का शिकार करने के लिए लगाया गया था।
वन विभाग ने गंभीरता से मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से सबूत जुटाए गए और केराखोल गांव के तीन संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है कि करंट का जाल किसने और क्यों लगाया।
जानकारी के अनुसार यह क्षेत्र हाथियों के आवागमन का मुख्य कॉरिडोर है, जहां अक्सर हाथियों का झुंड खेतों और गांवों में प्रवेश करता है। वन विभाग ने ग्रामीणों से चेतावनी दी है कि जंगली जानवरों से बचाव के लिए किसी भी तरह का करंट जाल न लगाया जाए, क्योंकि यह वन्यजीव संरक्षण कानून का उल्लंघन है और इसके लिए सख्त सजा का प्रावधान है।
हाथी के शव का पोस्टमार्टम वन विभाग की निगरानी में पशु चिकित्सकों द्वारा किया गया। रिपोर्ट आने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है और वन्यजीव प्रेमियों ने ऐसे मामलों को रोकने के लिए कठोर कदम उठाने की मांग की है।












