रायगढ़ : पेंशनरों की सुविधा के लिए 11-12 नवंबर को आयोजित होंगे डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र शिविर

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिले में पेंशनरों को जीवन प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने में सहूलियत देने के उद्देश्य से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान 4.0 के तहत जिले के सभी जनपद पंचायत कार्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। ये शिविर 11 और 12 नवंबर 2025 को आयोजित होंगे।
यह अभियान भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अंतर्गत संचालित है। इस व्यवस्था के तहत पेंशनरों को अपने जीवन प्रमाण-पत्र को डिजिटल माध्यम से घर बैठे या नजदीकी शिविरों में आसानी से जमा करने की सुविधा उपलब्ध होगी।
डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र 4.0 फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक पर आधारित है, जिसके जरिए पेंशनर बिना बायोमेट्रिक मशीन के सिर्फ मोबाइल या कंप्यूटर का उपयोग कर डिजिटल प्रमाण-पत्र तैयार कर सकते हैं। इससे प्रक्रिया और सरल, सुरक्षित एवं पारदर्शी हो गई है।
कलेक्टर चतुर्वेदी ने सभी एसडीएम और जनपद पंचायत सीईओ को निर्देशित किया है कि शिविरों में बिजली, इंटरनेट, बैठने की व्यवस्था और पेयजल की सुविधा सुनिश्चित की जाए। साथ ही भारतीय डाक विभाग के कार्मिकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने को भी कहा गया है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पेंशनर को प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। भारतीय डाक सेवा द्वारा संचालित यह दो दिवसीय अभियान जिले के पेंशनरों को डिजिटल सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।












