शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर निगम सख्त, नदी में कचरा फेंकने पर अब लगेगा जुर्माना

रायगढ़। शहर की स्वच्छता और नदी में बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को महापौर जीवर्धन चौहान एवं नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने सफाई विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में साफ निर्देश दिए गए कि शहर की प्रमुख सड़कों, नालों और नदी तटों पर कचरा फेंकने वालों पर अब जुर्माना लगाया जाएगा और आवश्यक होने पर वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
महापौर चौहान ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना केवल निगम की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। लगातार शिकायतों के बाद अब निगम प्रशासन निगरानी व्यवस्था को और कड़ा कर रहा है। आयुक्त क्षत्रिय ने सभी जोन के सफाई दरोगाओं को निर्देशित किया कि जहां भी खुले में कचरा फेंके जाने की सूचना मिले, वहां तुरंत कार्रवाई की जाए। नदी किनारे और मुख्य मार्गों पर विशेष निगरानी टीमों की तैनाती की जाएगी और नियम उल्लंघन करने वालों से चालान काटकर जुर्माना वसूला जाएगा।
बैठक में स्टेशन चौक और हेमू कॉलोनी चौक में अनियमित रूप से लगे ठेलों को व्यवस्थित करने और अतिक्रमण पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। महापौर ने मरीन ड्राइव और प्रमुख नदी तट क्षेत्रों में स्वच्छता सुपरवाइजरों को लगातार निरीक्षण करने को कहा, ताकि कचरा फेंकने वालों को तुरंत चिन्हांकित कर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे कचरे को निर्धारित डस्टबिन या निगम के वाहनों में ही दें और स्वच्छता अभियान में अपना सहयोग दें।
सफाई कर्मियों की अनुपस्थिति पर होगी कड़ी कार्रवाई
नगर निगम ने सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर भी सख्ती दिखाई है। अब उपस्थिति दर्ज करने के बाद ड्यूटी से गायब रहने वाले सफाई कर्मियों के विरुद्ध संबंधित स्वच्छता सुपरवाइजर को जिम्मेदार ठहराकर वेतन कटौती की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सफाई कार्य की साप्ताहिक समीक्षा भी की जाएगी।
वार्ड 47 क्षेत्र में महापौर ने किया निरीक्षण
महापौर जीवर्धन चौहान एवं सभापति डिग्री लाल साहू ने वार्ड क्रमांक 47 विजयपुर बस्ती एवं स्कूलपारा क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था और पानी निकासी कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए। लोटस कॉलोनी में जल निकासी की समस्या पर कॉलोनाइजर को नोटिस जारी करने तथा अवैध निर्माण पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण में एमआईसी मुक्तिनाथ बबुआ, पार्षद प्रतिनिधि पदुम परजा एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।












