रायगढ़ से बड़ी खबर : रेत से भरे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल, चालक गिरफ्तार

रायगढ़। शहर के चक्रपथ क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रेत से भरे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4 बजे बोईर दादर की ओर जा रहे ट्रैक्टर ने संजय कुमार वारे (36 वर्ष) को टक्कर मार दी। संजय वारे गुलमोहर क्षेत्र के निवासी हैं और जेल कॉम्प्लेक्स में टीवी रिपेयरिंग का काम करते हैं। हादसे के वक्त वे अपनी दुकान की ओर जा रहे थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय वारे का दाहिना पैर पूरी तरह से टूट गया, जबकि हाथ में भी गंभीर चोटें आई हैं। उनकी बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर चक्रधर नगर पुलिस पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चालक सुनील खेस (25 वर्ष), निवासी पंडरीपानी, को गिरफ्तार कर लिया।
घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाकर उपचार शुरू कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।












