रायगढ़ में पंचायतों के लिए जीएसटी प्रशिक्षण अभियान तेज, क्षमता-विकास की दिशा में बड़ा कदम

रायगढ़ । कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर तथा जिला पंचायत सीईओ अभिजीत पठारे और वरिष्ठ लेखाधिकारी ज्योति सिंह के मार्गदर्शन में रायगढ़ जिले में ग्राम पंचायतों और जनपद स्तरीय कर्मचारियों के लिए व्यापक जीएसटी क्षमता-विकास अभियान संचालित किया जा रहा है। उद्देश्य है—पंचायत स्तर पर जीएसटी से संबंधित प्रक्रियाओं को आसान, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना।
इसी कड़ी में जिले के लैलूंगा, धरमजयगढ़, घरघोड़ा, तमनार, पुसौर और खरसिया जनपदों में चार्टर्ड अकाउंटेंट की टीम द्वारा जीएसटी रिटर्न, बिलिंग सिस्टम, चालान निर्माण और पेनाल्टी प्रावधानों पर विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।
राज्य शासन के निर्देशानुसार, कार्यशालाओं में पंचायत एवं जनपद कर्मचारियों को सरल भाषा में बताया गया कि—
जीएसटी चालान कैसे तैयार करें
समय पर और सही तरीके से जीएसटी रिटर्न कैसे दाखिल करें
कौन-कौन सी त्रुटियाँ पेनाल्टी का कारण बनती हैं
वित्तीय लेन-देन में किन सावधानियों की आवश्यकता होती है
प्रशिक्षण के दौरान व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से कर्मचारियों को यह भी समझाया गया कि दैनिक कार्यों में जीएसटी नियमों का सही पालन कैसे किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की वित्तीय गड़बड़ी या पेनाल्टी की स्थिति न उत्पन्न हो।
वर्कशॉप में सभी जनपद सीईओ, जिला पंचायत लेखापाल चंद्रकांत जायसवाल, विभिन्न जनपदों के कर्मचारी तथा सभी ग्राम पंचायत सचिव बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने इस प्रशिक्षण को बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे पंचायतों की वित्तीय पारदर्शिता और कार्य दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।












