रायगढ़ ज़ोन का दमखम राज्य स्तरीय पश्चिम भारत विज्ञान मेला में, कई श्रेणियों में चमके विद्यार्थी

रायगढ़ । राज्य स्तरीय पश्चिम भारत विज्ञान मेला में इस वर्ष रायगढ़ ज़ोन का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़, डीएमसी आलोक स्वर्णकार और राज्य स्तरीय विज्ञान मेला के जिला नोडल भुवनेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में सारंगढ़, रायगढ़ और जशपुर ज़ोन के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर कई उपलब्धियाँ हासिल कीं।
विज्ञान नाटिका में कुंजेमुरा का कमाल
स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय कुंजेमुरा की टीम ने उभरती प्रौद्योगिकी पर आधारित आकर्षक व शिक्षाप्रद विज्ञान नाटिका का मंचन कर राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कक्षा 10वीं के विद्यार्थी रीना राठिया, मोनिका निषाद, दिव्या यादव, हरिप्रिया यादव, सुमन निषाद, आरती निषाद, टीकम सिदार और पुष्कर सिदार ने प्रभावशाली अभिनय कर निर्णायकों की खूब प्रशंसा बटोरी। नाटिका का लेखन और निर्देशन विद्यालय के प्राचार्य श्याम कुमार पटेल ने किया।
सरिया विद्यालय प्रदेश में प्रथम
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरिया ने अद्भुत प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों की तैयारी, टीमवर्क और शिक्षकों का मार्गदर्शन इस उपलब्धि का आधार रहा, जिसने रायगढ़ ज़ोन की प्रतिष्ठा और बढ़ा दी।
विज्ञान क्लब प्रतियोगिता में धर्मजयगढ़ का प्रदर्शन
विज्ञान क्लब श्रेणी में सेजेस धर्मजयगढ़ ने शानदार प्रस्तुति देते हुए राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की नवाचार क्षमता, रचनात्मक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना की।
मॉडल प्रतियोगिता में हल्दी विद्यालय को सफलता
स्वच्छता विषय पर बनाए गए अभिनव मॉडल के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हल्दी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की सृजनात्मकता और सामाजिक जागरूकता इस मॉडल में स्पष्ट झलकी।
रायगढ़ ज़ोन की इन संयुक्त उपलब्धियों ने जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है और एक बार फिर सिद्ध किया है कि यहां के विद्यार्थी हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं।












